लखनऊ। मंगलवार नगर निगम ने करोड़ों की सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। नगर आयुक्त ने बताया कि बरावन कला गांव में मौजूद गाटा संख्या 1395, जिसका कुल क्षेत्रफल 0.089 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में “रास्ता” के रूप में दर्ज है। इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक भूमि पर कुछ व्यक्तियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर और पौधरोपण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध बाउंड्री वॉल एवं अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम रत्नेश कुमार द्वारा किया गया।
कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और प्रभावी ढंग से संपन्न की गई, जिससे भूमि को पुनः उसके मूल स्वरूप में लाया जा सका। इस कार्रवाई में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम के अरविंद पाण्डेय द्वारा गठित टीम सक्रिय रही।












