वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बरेका मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक संतुलन का भी उदाहरण बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी ने बीते वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। काशी विश्वनाथ धाम के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और बेहतर सुविधाओं ने शहर को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के कारण आज काशी दुनिया के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है।
योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल विकास में बाधा डालने का प्रयास करते हैं, लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है और विकास के साथ खड़ी है।












