HomeHealth & Fitnessसीवान में पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष, युवक को उतारा मौत के...

सीवान में पट्टीदारों के बीच खूनी संघर्ष, युवक को उतारा मौत के घाट

सीवान। जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सरारी गांव में पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर गुरुवार रात पट्टीदारों के बीच हुई हिंसक झड़प में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी मां और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृतक की पहचान दिलीप पांडेय के रूप में हुई है। घायल शांति देवी और नीतू देवी का इलाज कराया गया, जबकि शांति देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया।

घायल दिलीप पांडेय ने उपचार के दौरान पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उनके भाई मजिस्टर पांडेय का पट्टीदारों के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी मामले में बुधवार को उनके भाई को न्यायालय से जमानत मिली थी।

आरोप है कि गुरुवार की दोपहर वह घर में सो रहे थे। बाहर निकलकर दरवाजे पर बैठे ही थे कि करीब आधा दर्जन लोग पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

दिलीप के अनुसार, शोर सुनकर उनकी मां शांति देवी और भाभी नीतू देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने शांति देवी की जीभ भी काट दी, जिससे उनकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद शांति देवी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, गुरुवार की रात इलाज के दौरान दिलीप पांडेय की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर गोरेयाकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। दिलीप पांडेय की मौत के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments