नई दिल्ली। शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात करीब 9 बजे जगतपुरी थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए एक महिला की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ, जांच अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां घर के फर्श पर महिला का शव पड़ा मिला।
मृतका की पहचान कोमल (50), पत्नी कमल के रूप में हुई। घटना की सूचना पर क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने मृतका के बेटे गौरव के बयान के आधार पर जगतपुरी थाने में एफआईआर संख्या 289/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। साथ ही हत्या के कारणों और वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।












