HomeHealth & Fitnessमंडी में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, एक लाख से...

मंडी में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, एक लाख से अधिक पौधे नष्ट

कुल्लू । मंडी जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख से अधिक पौधों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें सिलसुलहरी क्षेत्र, उप-तहसील कटोला में निजी जमीन पर अफीम की खेती किए जाने की जानकारी मिली थी।

सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान करीब चार बीघा जमीन, यानी लगभग दस खेतों में अफीम की अवैध खेती पाई गई। टीम ने मौके पर ही कुल 1,38,655 अफीम के पौधों को बरामद किया और तुरंत नष्ट कर दिया, ताकि इनका किसी भी तरह से दुरुपयोग न हो सके।

इस मामले में थाना पधर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और अवैध खेती में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि इस तरह की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखेगी, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखा जा सके।

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशे या अवैध गतिविधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए आपातकालीन नंबर 112 या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments