उतरौला(बलरामपुर)l उतरौला के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उतरौला क्षेत्र के लोग भी भय और आक्रोश में हैं।
नगर के गांधीनगर पुलिस चौकी के आसपास, हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर, पुराने अस्पताल , गोंडा मोड , दुख हरण नाथ धर्मशाला क्षेत्र सहित कई स्थानों पर बंदरों के झुंड रोजाना उत्पात मचा रहे हैं। ये बंदर घरों की छतों पर चढ़कर सामान फेंक देते हैं, राह चलते लोगों को डराते हैं और कई बार हमला भी कर देते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय बंदरों का झुंड अधिक सक्रिय हो जाता है, जिससे लोग अपने घरों की छतों पर जाने से भी कतराने लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।












