HomeHealth & Fitnessमहिला ने ससुराल पक्ष पर लगाया तीन तलाक देकर घर से निकालने...

महिला ने ससुराल पक्ष पर लगाया तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप, मुकदमा दर्ज

लखनऊ अलीगंज इलाके में महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर षड्यंत्र के तहत 3 तलाक देने का आरोप लगाया है। आरोपी पति ने षड्यंत्र के तहत पहले पत्नी की नजदीकियां बच्चों के ट्यूशन टीचर से बढ़वाई। इसके बाद चरित्रहीन बताकर घर से भगा दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।

चौधरी टोला की रहने वाली महिला का कहना है कि साल 2013 में उसकी शादी नफीस अहमद के साथ हुई थी। परिवार ने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान दिया था। पीड़िता के अनुसार शादी के बाद से ही पति नफीस अहमद उस पर चरित्र को लेकर शक करता था और आए दिन प्रताड़ित करता था। आरोप है कि पति के साथ-साथ ससुर नसीम अहमद, बहनोई मलीन अहमद और ननदें शाहीन व शहनाज भी मिलकर उस पर गलत आचरण के आरोप लगाते हुए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे।

 
महिला ने बताया कि बच्चों के ट्यूशन टीचर मस्जिद के इमाम हाफिज सनाउल्लाह के साथ फंसाने की साजिश रची गई। पति ने उस पर दबाव बनाया कि वह इमाम के साथ चैटिंग और नजदीकियां बढ़ाए। इसे आधार बनाकर उससे समझौते के नाम पर रुपए वसूले जा सकें। इसके लिए घर में सीसीटीवी कैमरे तक लगवाए गए। इसके बाद साजिश के तहत उसके नाम से स्टांप पेपर खरीदा गया और उस पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए गए। विरोध करने पर उसे कमरे में बंद कर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर जबरन स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करा लिए गए।
 
महिला का कहना है कि उसके चाचा और भाई को बुलाकर उन्हें भी गालियां दी गईं और असलहे के दम पर गवाह के रूप में हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद आरोपियों ने तीनों नाबालिग बच्चों को अपने पास रख लिया और उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
 
पीड़िता का कहना आरोपियों ने धमकी दी कि पुलिस में शिकायत करती है तो उसके खिलाफ बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। मामले में इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार का कहना है मुकदमा दर्ज करके आरोपों की जांच की जा रही है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments