संत कबीर नगर, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार द्वारा 1.43 लाख शिक्षामित्रों की मानदेय बढ़ोतरी पर उपस्थित शिक्षामित्रों को नवीनतम मानदेय रू0 18 हजार का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षामित्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा जनपद संत कबीर नगर के प्राथमिक विद्यालय धरैची खलीलाबाद की शिक्षामित्र सोनू यादव को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के समस्त शिक्षामित्रों, शिक्षक/शिक्षिकाओं को बेसिक स्तर पर नौनिहालों को शिक्षित करने, सवारने एवं उनके भविष्य को तरासने में उनके समर्पित योगदान पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रूपये से बढ़ा कर 18 हजार रूपया कर दिया गया है। साथ ही साथ 05 लाख रूपये की कैशलेश चिकित्सा सुविधा का भी लाभ दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक राष्ट्र को शिक्षित एवं विकसित बनाने की दिशा में बेहतर बेसिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, बच्चे यदि शिक्षा से दूर रहेगें तो यह केवल उनका ही नुकसान नही बल्कि एक राष्ट्रीय क्षति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चो के पुस्तकों, यूनिफार्म के लिए जो धनराशि अभिभावकों को दे रही इसमें अभिभावक का भी दायित्व है कि पैसे का सदुपयोग उसी मद में करते हुए स्कूल भेजे और शिक्षकगण बच्चों को पूरी निष्ठा एवं पारिवारिक माहौल का बोध कराते हुए बच्चों का भविष्य सुधारने में निरन्तर लगे रहे, तभी हमारा देश प्रधानमंत्री के सपनों का विकसित राष्ट्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिनों चलाये गये स्कूल चलों अभियान का साकारात्मक प्रभाव दिखा है इसी क्रम में आगामी जुलाई से पहले भी स्कूल चलों अभियान चला कर शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन विद्यालयों में सुनिश्चित किया जाए तथा अभिभावको को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को स्कूल पहुचाने में उनका सहयोग लिया जाए।
इसी क्रम में विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेशचन्द्र चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष मगहर अनवरी बेगम, जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थित में जनपद के संत कबीर ऑडिटोरियम, मगहर में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायकगण एवं जिलाधिकारी द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथिगणों एवं अधिकारीगणों को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायकगणों, अधिकारीगणों एवं शिक्षामित्रों द्वारा देखा और सुना गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती बन्दना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति की गयी।
विधायकगण एवं जिलाधिकारी द्वारा ‘‘शिक्षामित्र सम्मान समारोह’’ के अवसर पर शिक्षामित्रों को 18 हजार रूपये का प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी ने अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षामित्रों के समर्पण एवं उनकी भावनाओं का कद्र करते हुए मानदेय को बढ़ाकर 18 हजार रूपया किये जाने पर उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए जनपद के समस्त शिक्षामित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 1.43 लाख परिवारों की चिंता करते हुए यह पुनीत निर्णय लिया गया है। शिक्षामित्रों द्वारा उठायी गयी कुछ मांगों को विधायक ने मुख्यमंत्री तक पहुचाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जी की पवित्र सोच का ही परिणाम है कि आज ज्यादातर योजनाएं गरीबों के कल्याण एवं जरूरतमंदों के हितार्थ ही चलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों के लिए एक नेता का नही बल्कि परिवार का भाव रखते है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता का भरोसा जीता है जिसका असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। विधायक ने कहा कि शिक्षामित्र भाईयों एव बहनों ने देश प्रदेश एवं बच्चों के हित में अपने कर्तव्यों का जिस भाव से निर्वहन किया है उनका योगदान हमेशा याद रहेगा।
विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने सभी शिक्षामित्रों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय बहुत ही सराहनीय है जिससे आज शिक्षामित्रों के चेहरों पर खुशहाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों की मांग को उचित एवं उनके दर्द को समझा, जिसके परिणाम स्वरूप उन्होंने आपके हित में यह निर्णय लिया। इसमें सभी जनप्रतिनिधिगणों, अधिकारीगणों का योगदान है। उन्होंने कहा कि जबतक हमारे देश के बच्चें शिक्षित नही होगें, देश एवं प्रदेश का विकास अधूरा ही रहेगा और इसमें बेसिक शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
मा0 विधायक धनघटा गणेशचन्द्र चौहान जी ने उपस्थित सभी शिक्षामित्रों, जनप्रतिनिधिगणों का हार्दिक अभिवादन करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा का कायाकल्प हुआ है। आज प्रदेश का हर विद्यालय पूर्ण रूप से समस्त सुविधाओं से व्यवस्थित एवं सुसज्जित है। विधायक ने बुनियादी स्तर पर बच्चों को सवारने में बेसिक शिक्षकों के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंन कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ सहित विकास की सभी बुनियादी जरूरतों का तेजी से विकास हो रहा है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने इस अवसर पर उपस्थित सभी विधायकगण, समस्त जनप्रतिनिधिगणों का आभार एवं सरकार के निर्णय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समस्त शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं दिया तथा कहा कि शिक्षक का कार्य एक ऐसा श्रेष्ठ कर्म है जिसका कोई मूल्य नही है। उन्होंने कहा कि समस्त शिक्षकों का कर्तव्य है कि विद्यालय में अपने कार्यो एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन जिससे एक शिक्षित समाज एवं समर्थ राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका याद की जाए।
इस अवसर पर प्रतिनिधि नगर पंचायत अध्यक्ष नुरूज्जाम अंसारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, प्राचार्या पी0एम0श्री राजकीय इण्टर कॉलेज खलीलाबाद डा0 सबीहा मुमताज, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित खण्ड शिक्षा अधिकारी व सम्मानित शिक्षामित्र एवं अनुदेशक आदि उपस्थित रहे।












