HomeHealth & Fitnessपुनर्वास विवि में एक सीट पर सात ने की दावेदारी, एडमिशन के...

पुनर्वास विवि में एक सीट पर सात ने की दावेदारी, एडमिशन के लिए 1 जुलाई तक मौका

लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। नॉन-सीयूईटी स्नातक, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और पीजी पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई है। अंतिम तारीख नजदीक आते ही आवेदन संख्या में तेजी आई है। अब तक विभिन्न पाठ्यक्रमों में करीब 3500 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। कई कोर्सों में एक सीट पर पांच से सात अभ्यर्थी दावेदारी कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि एलएलएम की 22 सीटों के लिए 125 आवेदन मिले हैं, यानी एक सीट पर करीब छह दावेदार हैं। बीबीए की 41 सीटों पर 208, बी.फार्मा की 33 सीटों पर 177 और बीएड स्पेशल एजुकेशन की 99 सीटों पर 329 आवेदन आए हैं। एमए (समाजशास्त्र) की 44 सीटों के लिए 148 आवेदन प्राप्त हुए हैं। समाज कार्य, हिन्दी, इतिहास और एमसीए में भी सीटों की तुलना में डेढ़ से ढाई गुना आवेदन दर्ज किए गए हैं। वहीं एमबीए की 132 सीटों पर 194 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यूजी पाठ्यक्रमों में बीए सबसे अधिक पसंद किया गया है। इसकी 220 सीटों के लिए 419 आवेदन मिले हैं।

बीकॉम की 66 सीटों पर 171, बीएससी (कंप्यूटर साइंस और आईटी) की 33 सीटों पर 157 और बीकॉम एलएलबी (ऑनर्स) की 66 सीटों के लिए 143 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुलपति प्रो. संजय सिंह ने बताया कि कई पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों का बढ़ता रुझान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और भरोसे को दर्शाता है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे 1 जुलाई से पहले ऑनलाइन आवेदन अवश्य पूरा कर लें, ताकि उन्हें प्रवेश का अवसर मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments