सिद्धार्थनगर के तहसील शोहरतगढ़ क्षेत्र के बढ़नी ब्लॉक में 50 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। ढेबरुआ और मधवा नगर विद्युत उपकेंद्रों से होने वाली आपूर्ति सोमवार शाम से ठप थी, जिससे करीब 300 गांव और बढ़नी कस्बा प्रभावित थे। सोमवार को क्षेत्र में आई तेज चक्रवाती आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण विद्युत व्यवस्था चरमरा गई थी। खुनियांव ब्लॉक के हथियहवा में एक ट्रांसमिशन टावर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यह स्थिति पैदा हुई। विद्युत आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र में अंधेरा छा गया। मोटर पंप, मोबाइल चार्जिंग, ई-रिक्शा चार्जिंग, पंखे, कूलर, फ्रिज, एसी और वॉशिंग मशीन जैसे विद्युत से चलने वाले उपकरण बंद पड़ गए थे। नागरिकों को पानी, संचार और दैनिक जीवन में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे रहे। क्षतिग्रस्त ट्रांसमिशन टावर के कारण 132 केवीए पावर हाउस भिलौरी से इटवा, बेलवा, खुनियांव, बढ़नी और ढेबरुआ को विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। विभाग ने लगातार प्रयास कर बुधवार दोपहर बाद आपूर्ति बहाल की। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसमिशन टावर और जगह-जगह टूटे विद्युत तारों व खंभों को ठीक कर लिया गया है। ट्रायल के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई है। ढेबरुआ विद्युत फीडर के दुधवनिया बुजुर्ग, बरगदवा, पिपरा, सेवरा, धनौरा, औरहवा, भरौली, पिकौरा सहित सैकड़ों अन्य गांव भी इस व्यवधान से प्रभावित हुए थे।
शोहरतगढ़ में 50 घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल:आंधी और मूसलाधार बारिश से आई थी खराबी, उपभोक्ताओं को मिली राहत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












