- उफनाई मालन नदी में नहाते समय तीन किशोर बहाव की चपेट में आए।
- एक किशोर सुरक्षित बाहर निकला, दो लापता।
- पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग तलाश अभियान में जुटे।
बिजनौर। जनपद बिजनौर में लगातार हो रही बारिश के कारण उफान पर आई मालन नदी में शुक्रवार की शाम मण्डावर में हादसा हो गया।
नहाने के दौरान तीन किशोर तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें एक किशोर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि दो किशोर नदी में लापता हो गए।
जानकारी के अनुसार, किरतपुर के मोहल्ला रायगंज निवासी शाबान (16), अलीम (15), और सदीम (17) मालन नदी पुल पर नहाने पहुंचे थे। तीनों ने पुल से नदी में छलांग लगा दी।
भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के कारण तीनों बहने लगे। सदीम किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि शाबान और अलीम नदी की तेज धारा में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। किरतपुर नगर पालिका चेयरमैन अब्दुल मनान तथा सभासद भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य की जानकारी ली। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लापता किशोरों की तलाश देर रात तक जारी रही।
हादसे के बाद मालन नदी पुल और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसडीएम सदर रितू चौधरी ने बताया कि गौताखोर तलाश में लगाये जा रहें है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनाई नदियों, नहरों और तेज बहाव वाले जलाशयों में उतरने से बचें तथा बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।












