HomeHealth & Fitnessपंचायत चुनावों के लिए हिमाचल में नामांकन शुरू, तीन चरणों मे होगा...

पंचायत चुनावों के लिए हिमाचल में नामांकन शुरू, तीन चरणों मे होगा मतदान

शिमला ।  हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के तहत उम्मीदवार आज 7, 8 और 11 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। 15 मई को ही अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।

प्रदेश की 3754 पंचायतों में होने वाले इन चुनावों को सत्ता के “सेमिफाइनल” के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि माना जाता है कि पंचायत चुनावों में मजबूत पकड़ बनाने वाले नेताओं की राह आगे विधानसभा चुनावों में भी आसान हो जाती है। यही वजह है कि सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भाजपा दोनों दल पंचायत स्तर तक पूरी ताकत झोंके हुए हैं।

इस बार पंचायत चुनावों में कई दिलचस्प तस्वीरें भी सामने आई हैं। सरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त कर्मचारी और अधिकारी भी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। कई पूर्व अधिकारी पंचायत प्रधान पद के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों के भीतर गुटबाजी भी खुलकर दिखाई दे रही है। कई जगहों पर ऐसे नेताओं ने अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जो पार्टी के दूसरे धड़ों से नाराज बताए जा रहे हैं। इससे कांग्रेस और भाजपा दोनों की चिंता बढ़ी हुई है।

राज्य में कुल 31 हजार से ज्यादा पदों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें पंचायत सदस्य, प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। लगभग हर पंचायत में वार्ड सदस्य से लेकर प्रधान और जिला परिषद तक के पदों पर कई उम्मीदवार चुनावी रण में उतर चुके हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर उम्मीदवारों के चयन में राजनीतिक दलों और प्रभावशाली नेताओं की भूमिका साफ दिखाई दे रही है।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार राज्य में पहले चरण का मतदान 26 मई, दूसरे चरण का 28 मई और तीसरे चरण का मतदान 30 मई को होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम मतदान के तुरंत बाद घोषित किए जाएंगे। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी। इसी दिन चार नगर निगमों सोलन, पालमपुर, धर्मशाला और मंडी में 17 मई को होने वाले चुनावों की मतगणना भी करवाई जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments