लखनऊ। शुक्रवार को चुनाव आयोग का घेराव करने निकले समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बापू भवन के पास रोककर हिरासत में ले लिया। इस दौरान जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई। संघर्ष के दौरान सपा कार्यकर्ताओं के कपड़े फट गए।
सपाइयों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता हाथों में ‘लोकतंत्र निशाने पर’ लिखी तख्तियां और अखिलेश यादव की तस्वीर लेकर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता प्रवेश यादव और प्रकाश मौर्य ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की हत्या करने में उतारू है।
पुलिस ने जबरन उन्हें गाड़ियों में बैठाया, जिससे कई कार्यकर्ताओं के कपड़े तक फट गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बापू भवन और आसपास के इलाके में सड़क पर कुछ देर यातायात बाधित हुआ।












