सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा विकास क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय मिरवापुर में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ठप है। विद्यालय परिसर में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुद्ध पेयजल की अनुपलब्धता से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों दोनों की चिंता बढ़ गई है। पानी के अभाव में विद्यालय के बच्चों को या तो घर से बोतल में पानी लाना पड़ता है, या फिर उन्हें आसपास के घरों से पानी लेने के लिए भटकना पड़ता है। अभिभावकों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं की कमी बच्चों की पढ़ाई पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम भजन ने बताया कि इंडिया मार्का हैंडपंप काफी समय से खराब है और सूखा पड़ा है। उन्होंने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत को इसकी जानकारी दी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। प्रधानाध्यापक ने गर्मी को देखते हुए जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि बच्चों को राहत मिल सके। ग्राम प्रधान सतीश चंद्र ने स्वीकार किया कि उन्हें हैंडपंप में पानी न आने की समस्या की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इसकी जांच कराकर मरम्मत कराई जाएगी या वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यालय के बच्चों को कोई परेशानी न हो। अभिभावक नसीम अहमद और सुनीता देवी ने बच्चों को पानी के लिए बाहर जाने की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द विद्यालय में उचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी खराब पड़े हैंडपंप की तत्काल मरम्मत या वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की अपील की है।
कंपोजिट विद्यालय मिरवापुर में पेयजल ठप:भीषण गर्मी में बच्चों को हो रही भारी परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












