Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में लोक जनशक्ति पार्टी की बैठक:राज्य की 403 सीटों पर चुनाव...

श्रावस्ती में लोक जनशक्ति पार्टी की बैठक:राज्य की 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा


श्रावस्ती में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंका है। पार्टी ने राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। यह घोषणा श्रावस्ती में आयोजित एक संगठन समीक्षा बैठक के दौरान की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष (बिहार) अशरफ अंसारी ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी की सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सीट बंटवारे और भाजपा के साथ गठबंधन पर स्पष्ट किया कि पार्टी अपनी मजबूत सीटों की सूची तैयार कर रही है। अशरफ अंसारी ने आगे कहा कि पार्टी अपनी रणनीति पर काम कर रही है और यदि आवश्यकता पड़ी, तो वे भाजपा से अलग होकर भी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व (चिराग पासवान) ही लेगा, जो सभी कार्यकर्ताओं को मान्य होगा। समीक्षा बैठक के दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष मंथन हुआ। पार्टी नेताओं ने कहा कि चिराग पासवान के ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन की तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश में भी युवाओं और रोजगार को केंद्र में रखकर एक बड़ा विजन तैयार किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में मनोज पाठक (प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व प्रत्याशी 289 भिनगा), राहुल पासवान (जिला अध्यक्ष श्रावस्ती), जटाशंकर वाल्मीकि, चंद्र गणेश और मधु सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सियासी गलियारों में चर्चा है कि एलजेपी (रामविलास) का यह रुख क्या भाजपा पर दबाव बनाने की रणनीति है या उत्तर प्रदेश में किसी नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments