सिद्धार्थनगर के उसका बाजार नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को तेतरी चौराहे के पास मुख्य मार्ग अचानक फट गया। सड़क के नीचे से गीली मिट्टी और मलबा तेजी से बाहर निकलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कुछ देर में ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। रविवार होने के कारण मार्ग पर यातायात अधिक था। सड़क की सतह उखड़ने और मिट्टी बाहर निकलने का दृश्य देखकर कई लोगों ने इसे जमीन धंसने की घटना समझ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले सड़क पर हल्का कंपन महसूस हुआ, फिर एक हिस्से में दरार पड़ने लगी। देखते ही देखते सड़क के नीचे से गीली मिट्टी और मलबा बाहर आने लगा। लोगों ने घटना के वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गैस आपूर्ति परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। पाइपलाइन को सड़क के नीचे से निकालने के लिए आधुनिक ड्रिलिंग मशीन से भूमिगत रास्ता बनाया जा रहा था। अमृत लाल महाविद्यालय के पास से पिछले तीन दिनों से ड्रिलिंग का काम जारी था। मशीन जमीन के भीतर रास्ता बनाते हुए तेतरी चौराहे तक पहुंची थी। इसी दौरान अत्यधिक दबाव बनने से सड़क की ऊपरी सतह फट गई और नीचे जमा गीली मिट्टी व मलबा बाहर निकल आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की घटना नहीं देखी थी। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते वहां मौजूद लोगों को हटाया नहीं जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के कर्मचारी और नगर पंचायत प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, हालांकि बाद में पुलिस और कर्मचारियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
नगर पंचायत उसका बाजार के ईओ अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि गैस पाइपलाइन डालने के लिए सड़क किनारे से भूमिगत ड्रिलिंग की जा रही थी। ड्रिल मशीन के तेतरी चौराहे के पास पहुंचने पर दबाव अधिक बनने से सड़क की सतह फट गई और मिट्टी बाहर निकलने लगी। उन्होंने कहा कि यह तकनीकी प्रक्रिया के दौरान हुई स्थिति है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। ईओ ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र को घेर दिया गया है और संबंधित एजेंसी को सावधानीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सिद्धार्थनगर में गैस पाइपलाइन ड्रिलिंग के दौरान फटी सड़क:जमीन से निकला मलबा, तेतरी चौराहे पर मची अफरा-तफरी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












