सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र के पेंडारी गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला किया गया। हमलावरों ने युवक को बुरी तरह पीटने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। पेंडारी गांव निवासी 28 वर्षीय रविशंकर पाण्डेय पुत्र चन्द्रभान पाण्डेय का गांव के कुछ युवकों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपियों ने पहले गांव में रविशंकर के साथ मारपीट की। रविशंकर ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र में करखे की ओर जाने वाली सड़क पर जनता इंटर कॉलेज के पास आरोपियों ने रविशंकर को घेर लिया। उन्होंने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद हमलावर उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रविशंकर को तुरंत सांथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा अमित कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खेसरहा में पुरानी रंजिश में युवक पर हमला:दबंदों ने लाठी-डंडों से की पिटाई, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












