लखनऊ। राजधानी थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र स्थित शालीमार वन वर्ल्ड टावर-सी1 में मंगलवार देर रात एक महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला मृत अवस्था में मिली।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को करीब 2:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि फ्लैट नंबर-804 में रहने वाली महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षा गार्डों की मदद से फ्लैट का दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर महिला की पहचान रतना सिंह पुत्री सुधीर सिंह (उम्र करीब 32 वर्ष) के रूप में हुई, जो कमरे में छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिलीं।
प्राथमिक जांच में पता चला कि मृतका मूल रूप से गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित बिछिया की निवासी थी और वर्तमान में गोमतीनगर विस्तार स्थित उक्त फ्लैट में अकेले रहकर मानसून सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी।पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक एप्पल मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












