श्रावस्ती में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया गया। यह कार्रवाई 14 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। 62वीं वाहिनी एसएसबी, भिनगा की बाह्य सीमा चौकी सुइया ने सहायक कमांडेंट अमित शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की ककरदरी रेंज के साथ मिलकर यह विशेष गश्त अभियान चलाया। यह अभियान ककरदरी वन क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 635/10 से लगभग 2.5 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में संचालित किया गया। अभियान के दौरान, संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति इरफान खान को पकड़ा। वह बहराइच जिले के नानपारा थाना क्षेत्र के अमवा मौलवी गांव का निवासी है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक जीवित रेड सैंड बोआ सांप बरामद हुआ। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-1 में सूचीबद्ध और पूर्णतः संरक्षित है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी इरफान खान ने स्वीकार किया कि वह इस दुर्लभ सांप की तस्करी ककरदरी वन क्षेत्र से कैसरगंज की ओर करने का प्रयास कर रहा था। बरामद रेड सैंड बोआ और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग, ककरदरी रेंज को सौंप दिया गया है। एसएसबी की 62वीं वाहिनी, भिनगा द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में वन्यजीव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सतर्कता और प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं। वाहिनी ने दोहराया है कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति भी एसएसबी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एसएसबी ने दुर्लभ रेड सैंड बोआ के साथ तस्कर पकड़ा:भारत-नेपाल सीमा पर वन विभाग के साथ SSB ने गिरफ्तारी की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











