Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)खुजली के इलाज के बाद महिला की मौत:बस्ती में निजी अस्पताल पर...

खुजली के इलाज के बाद महिला की मौत:बस्ती में निजी अस्पताल पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। खुजली की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची 27 वर्षीय महिला की इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ गई और रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल का घेराव कर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के लोहदर गांव निवासी अनिल चौधरी की पत्नी रोशनी (27) को गुरुवार देर रात अचानक शरीर में तेज खुजली होने लगी। हालत में सुधार न होने पर पति अनिल चौधरी उन्हें बाइक से बस्ती-कांटे मार्ग स्थित हरिओम पेट्रोल पंप के सामने एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अनिल चौधरी का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने रोशनी को दो-तीन इंजेक्शन लगाए। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद ही उनकी हालत गंभीर हो गई और मुंह से झाग निकलने लगा। परिजनों के मुताबिक, कर्मचारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल महिला को बस्ती ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एम्बुलेंस मांगने के बावजूद अस्पताल कर्मियों ने कोई व्यवस्था नहीं की और महिला को जबरन मोटरसाइकिल पर भेज दिया। अनिल अपनी पत्नी को लेकर बस्ती जा रहे थे, लेकिन ओड़वारा के पास पहुंचते-पहुंचते रोशनी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इस दौरान अस्पताल के कुछ कर्मचारी मौके से फरार हो गए, जबकि एक कर्मचारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अस्पताल पर एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतका रोशनी अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्री राधा और दो वर्षीय पुत्र हर्ष को छोड़ गई हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments