खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अब तक एक मृतक की पहचान श्वाति कुमारी के रूप में हुई है, जो सुबोध कुमार की पुत्री थीं और पसराहा थाना क्षेत्र की निवासी थीं। बाकी पांच मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घायलों में समस्तीपुर जिले के 30 वर्षीय रंजीत पासवान, गोगरी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की रेहमतुन खातून, पूर्णिया जिले के दिवाकर कुमार, झंझरा गांव के प्रीतम कुमार, भरतखंड गांव के शिक्षक सुमन कुमार, मुंगेर जिले के हरिनामर गांव की अनीता देवी तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा ठठा गांव के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक दो माह के नवजात, एक महिला और एक बालक की मौत ने स्थानीय लोगों को गहरे शोक में डाल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो में सवार लोग किसी आवश्यक कार्य से जा रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क पर शवों और घायलों को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया तथा ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खगड़िया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुकुल रंजन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक घटना के बाद फरार है और उसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।












