Homeदेश (National)OpenAI ने ठगे एलन मस्क के 38 मिलियन डॉलर? नॉन प्रॉफिट पंगा...

OpenAI ने ठगे एलन मस्क के 38 मिलियन डॉलर? नॉन प्रॉफिट पंगा और केस की पूरी कहानी

एलन मस्क, OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम आल्टमैन के खिलाफ दायर एक हाई प्रोफाइल केस को हार बैठे हैं। अमेरिका की एक फेडरल कोर्ट की जूरी ने सोमवार को फैसला सुनाया कि एलन मस्क ने ओपेन एआई और उसके सह-संस्थापकों के खिलाफ मुकदमा दायर करने में बहुत देरी की थी, जिसकी वजह से अब उनके दावों की समय सीमा खत्म हो चुकी है।

कैलिफोर्निया कोर्ट के इस फैसले से ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI को बड़ी जीत मिली है। जूरी ने कहा कि एलन मस्क के सभी दावे समय सीमा (स्टैट्यूट ऑफ लिमिटेशन्स) के बाहर हैं। इसलिए अदालत ने उनके मुख्य आरोपों पर कोई फैसला नहीं सुनाया। जज यवोन गोंजालेज रोजर्स ने भी जूरी के इस फैसले को मंजूरी दे दी।

यह भी पढ़ें: एलन मस्क बनाम सैम ऑल्टमन के पंगे की पूरी कहानी क्या है?

एलन मस्क का आरोप क्या था?

एलन मस्क का आरोप था कि OpenAI ने खुद को नॉन-प्रॉफिट मिशन बताया, फिर भी मुनाफे वाली कंपनी बन गई है। एलन मस्क ने इसे नॉन प्रॉफिट मिशन समझकर 38 मिलियन डॉलर दान किए थे। उन्होंने कहा कि सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन ने उनके दिए हुए दान का गलत इस्तेमाल किया है। एलन मस्क चाहते थे कि फेडरल कोर्ट OpenAI को फिर से नॉन-प्रॉफिट बनाने का आदेश दे। अदालत ने इस मामले में कहा कि आपने बहुत देर कर दी है। यह मामला अदालत ने खारिज कर दिया।

विलियम सैविट, अधिवक्ता, OpenAI:-
यह मुकदमा सिर्फ एक प्रतिद्वंद्वी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भर थी। जूरी ने पाया कि एलन मस्क की कहानियां सिर्फ कहानियां थीं, हकीकत नहीं।

अब क्या कर सकते हैं एलन मस्क?

एलन मस्क ने इस फैसले की आलोचना की है। वह अदालत के फैसले से खुश नजर नहीं आए हैं। उन्होंने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील दायर करेंगे। एलन मस्क का कहना है कि जूरी ने मुकदमे की असली बातों पर फैसला नहीं किया, बल्कि सिर्फ डेडलाइन को लेकर ही फैसला सुना दिया गया।

यह भी पढ़ें: ट्विटर डील में एलन मस्क ने ऐसा क्या किया, जो अब लग सकता है अरबों का जुर्माना?

एलन मस्क, CEO, टेस्ला:-
OpenAI मामले के संबंध में, जज और जूरी ने असल में मामले की खूबियों पर कोई फैसला नहीं दिया, बल्कि सिर्फ एक कैलेंडर से जुड़ी तकनीकी बात पर फैसला सुनाया। जो भी इस मामले को विस्तार से देख रहा है, उसके मन में इस बात को लेकर कोई शक नहीं है कि ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन ने असल में एक चैरिटी को लूटकर खुद को मालामाल किया। सवाल यह है कि उन्होंने ऐसा कब किया? मैं नाइंथ सर्किट में अपील दायर करूंगा, क्योंकि चैरिटी को लूटने की एक मिसाल कायम करना अमेरिका में दान देने की भावना के लिए बेहद विनाशकारी है। OpenAI की स्थापना पूरी मानवता के फायदे के लिए की गई थी।

कौन-कौन सुनवाई में शामिल थे?

तीन हफ्ते चली इस सुनवाई में एलन मस्क, सैम ऑल्टमैन, माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला समेत कई बड़े टेक लीडर्स गवाही दे चुके थे। एलन मस्क, OpenAI को फिर से नॉन प्रॉफिट ऑर्गेनाइडेशन बनाना चाहते थे लेकिन उनके मंसूबों कोर्ट ने पानी फेर दिया।

OpenAI पर इस फैसले का क्या असर होगा?

OpenAI के लिए यह फैसला अहम है। अब कंपनी के IPO प्लान और माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। एलन मस्क 2015 में OpenAI के शुरुआती दिनों में शामिल रहे है। साल 2018 में उन्होंने अपना हाथ पीछे खींच लिया। बाद में सैम आल्टमैन और कंपनी के साथ उनकी तकरार बढ़ी चली गई। अब OpenAI के लिए यह फैसला बड़ी राहत बनकर आया है।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments