गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे एनएच-48 पर मंगलवार सुबह बिलासपुर थाना क्षेत्र के राठीवास मोड़ के पास दो ट्रालों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्राला चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा निवासी महेंद्र कुमार ने बताया कि वह दिल्ली के सोनिया विहार स्थित कामधेनु सीमेंट प्लांट में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत है।
मंगलवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह प्लांट के बाहर वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पास स्थित श्रीराम प्लांट से निकल रहे एक खाली ट्राले के चालक ने उसे कोटपुतली छोड़ने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया। चालक ने अपना नाम राम सिंह निवासी कोटपुतली बताया।
महेंद्र के अनुसार जब ट्राला गुरुग्राम के बिलासपुर थाना क्षेत्र में राठीवास मोड़ के पास पहुंचा तो वहां फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित था।
उनके आगे चल रहा एक अन्य ट्राला तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहा था और बार-बार ब्रेक लगा रहा था। अचानक आगे वाले ट्राले के चालक ने जोरदार ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहा ट्राला अनियंत्रित होकर सीधे उसमें जा घुसा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक राम सिंह के दोनों पैर और छाती गंभीर रूप से घायल हो गए तथा वह केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर बिलासपुर चौक स्थित अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।












