मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के नरोइयां बाजार स्थित एक पब्लिक स्कूल की तीसरी मंजिल पर बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में शिक्षक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कला बाजार निवासी 32 वर्षीय निशांत प्रजापति पुत्र रमाकांत प्रजापति पिछले छह वर्षों से स्कूल में अध्यापन और कोचिंग का कार्य करते थे। वह स्कूल के पास किराये के मकान में पत्नी विनीता के साथ रहते थे। उनकी पत्नी भी उसी स्कूल में शिक्षिका हैं।
पत्नी विनीता ने बताया कि मंगलवार शाम निशांत रोज की तरह कोचिंग पढ़ाने स्कूल गए थे, लेकिन रात में वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह वह स्कूल पहुंचीं तो तीसरी मंजिल पर टिन शेड के पाइप में रस्सी के सहारे पति का शव लटका मिला। उनका पैर फर्श पर मुड़ा हुआ था। घटना देखकर पत्नी चीख पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर जिगना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फोरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार कर रही है। मृतक की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।












