लखनऊ । राजधानी के अंतर्गत थाना गोसाईगंज में आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिसमें क्षेत्र के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, संभ्रांत नागरिक एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन IPS प्रशिक्षु सारिका चौधरी एवं प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज डी.के. सिंह द्वारा किया गया।
आपसी सौहार्द और शांति की अपील
बैठक में सभी से अपील की गई कि आगामी त्यौहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। लोगों को अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने के लिए जागरूक किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त
IPS प्रशिक्षु सारिका चौधरी ने बताया कि त्योहार के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने कहा कि थाना पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता के सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।












