रिपोर्ट:गजेंद्र कुमार गुप्त।
महराजगंज।निचलौल थाना अन्तर्गत विशुनपुरा गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। गांव के काली मंदिर के पास आम तोड़ने पेड़ पर चढ़ा एक 12 वर्षीय मासूम हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट की तीव्रता इतनी भयानक थी कि मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, विशुनपुरा गांव निवासी रामकरण चौहान का 12 वर्षीय पुत्र रघुबीर चौहान शुक्रवार को गांव में ही स्थित काली मंदिर के पास गया था। वहां मौजूद आम के पेड़ पर फल तोड़ने के लिए वह ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान पेड़ की टहनियों से बेहद करीब से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में वह आ गया। तारों में प्रवाहित तेज करंट ने मासूम को संभलने का मौका भी नहीं दिया और उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।
*प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल।*
ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ के बिल्कुल पास से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन को लेकर पहले भी अंदेशा बना हुआ था। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर विद्युत विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है। घने पेड़ों और आबादी के पास से गुजरने वाले तारों की छंटाई न होने के कारण आज एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और विद्युत विभाग को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।












