Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नवीन मंडी स्थल शाहपुर में लगी भीषण आग:शाहपुर में आधा दर्जन आढ़त...

नवीन मंडी स्थल शाहपुर में लगी भीषण आग:शाहपुर में आधा दर्जन आढ़त की दुकानें जलकर हुईं राख


सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाना क्षेत्र स्थित नवीन मंडी शाहपुर में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना से मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से लगभग आधा दर्जन आढ़त की दुकानों में रखा आलू, प्याज सहित अन्य कृषि उत्पाद और आवश्यक सामान जलकर राख हो गया। व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे मंडी परिसर से अचानक धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई आढ़त की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही मंडी में भगदड़ मच गई। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कई दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि एक दिन पहले भी नवीन मंडी शाहपुर गेट के पास एक छप्परनुमा होटल में आग लगी थी। लगातार दो दिनों में हुई आग लगने की इन घटनाओं से व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। व्यापारियों ने मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन संसाधनों को मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में डुमरियागंज थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़ी जनहानि को टाला जा सका। उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments