HomeHealth & Fitnessलोहरदगा: बेटे ने कुदाल से की पिता और पत्नी की हत्या ,...

लोहरदगा: बेटे ने कुदाल से की पिता और पत्नी की हत्या , बेटी पर भी जानलेवा हमला

लोहरदगा। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित सेंगरा टोली गांव में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद में एक सनकी बेटे ने अपने ही पिता और पत्नी की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी, जबकि अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित संदीप उरांव (35) ने घर में रखी कुदाल से अपने पिता सुरेंद्र उरांव (60) और पत्नी सुजीता उरांव (27) पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

वारदात के दौरान आरोपित ने अपनी तीन साल की बेटी रियांशी पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ बच्ची को अपनी गोद में उठाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments