श्रावस्ती जिले में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विकासखंड जमुनहा के ग्राम रामपुर में बाल रक्षा भारत द्वारा संचालित ड्रीम एक्सीलेटर प्रोजेक्ट के तहत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर केंद्रित था। इसका आयोजन बाल रक्षा भारत के चाइल्ड चैंपियन यूथ और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रोजी जमीर ने की। उन्होंने किशोरियों और उपस्थित महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। जमीर ने माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और स्वच्छता अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। चाइल्ड चैंपियन और यूथ सदस्यों ने किशोरियों को जागरूक करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटरी पैड की समय पर उपलब्धता की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर उपस्थित किशोरियों को सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता विषय पर एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर रामपुर की आंगनवाड़ी कार्यकत्री, आशा कार्यकत्री, बाल रक्षा भारत की टीम, स्थानीय किशोरियाँ और स्वयं सहायता समूह की सदस्य उपस्थित रहीं। यह आयोजन ग्रामीण समुदाय में माहवारी से जुड़ी रूढ़ियों को तोड़ने, जागरूकता बढ़ाने और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।
श्रावस्ती में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर कार्यक्रम:किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन की जानकारी दी गई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












