बुधवार दोपहर हरदी थाना क्षेत्र के कोरहवा मुंसारी गांव के पास घाघरा नदी में नहाते समय पांच युवकों में से तीन गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन लापता हैं। पुलिस के अनुसार, टिकोरा मोड़ निवासी गोलू जायसवाल (22), सूरज जायसवाल (19), कोतवाली देहात के दहाव बेडनापुर निवासी मोहित यादव (25), माधव रेती निवासी राज कुमार (24) और मुरौवा निवासी शिवम सिंह (22) दोपहर में नदी में स्नान करने गए थे। नहाने के दौरान वे पानी के तेज बहाव और गहराई का अनुमान नहीं लगा पाए। युवकों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए शिवम सिंह और राज कुमार को कड़ी मशक्कत के बाद नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, गोलू जायसवाल, सूरज जायसवाल और मोहित यादव गहरे पानी में लापता हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर हरदी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन ने तत्काल क्षेत्रीय गोताखोरों को नदी में उतारकर लापता युवकों की तलाश शुरू कराई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को भी बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। थाना प्रभारी हरदी आलोक सिंह ने बताया कि लापता युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम देर शाम तक नदी में तलाशी अभियान चलाती रही, लेकिन तीनों युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। तलाशी अभियान जारी है।
घाघरा नदी में नहाते समय तीन युवक डूबे:बहराइच के हरदी क्षेत्र में हादसा, ग्रामीणों ने दो को सुरक्षित निकाला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












