Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच के हाईटेंशन तार टूटने से बिजली गुल:शिवपुर बाजार में दो दर्जन...

बहराइच के हाईटेंशन तार टूटने से बिजली गुल:शिवपुर बाजार में दो दर्जन से अधिक घरों की आपूर्ति बाधित, जर्जर तार बदलने की मांग


बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र स्थित शिवपुर बाजार में शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। तार टूटते ही उसमें से तेज चिंगारियां और आग की लपटें निकलने लगीं, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तुरंत आसपास का क्षेत्र खाली कराया और बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद करवाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टूटा हुआ तार काफी देर तक जलता रहा, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति तार की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के कारण क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर तार लगे हुए हैं, जिसके कारण ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। लोगों ने विभाग से तत्काल पुराने तारों को बदलने और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। इस संबंध में जानकारी के लिए संबंधित अवर अभियंता (जेई) से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments