नगर पंचायत शोहरतगढ़ में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज शांति और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। सुबह 7 बजे गड़ाकुल स्थित ईदगाह में मौलाना रजीउल्लाह ने नमाज पढ़ाई। इसके बाद 8 बजे नूरुल्लतीफ जामा मस्जिद में मौलाना शाहिद रजा फैजी ने नमाज अदा कराई। दोनों ही स्थानों पर भारी संख्या में अकीदतमंद उपस्थित रहे। नमाज से पूर्व इमामों ने कुर्बानी की महत्ता, त्याग और आपसी भाईचारे पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश में अमन-चैन के लिए भी दुआ कराई। इस अवसर पर जामा मस्जिद के सदर अल्ताफ हुसैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी की तैयारियों में जुट गए। शोहरतगढ़ के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे बगुलाहवा, अठकोनिय, चेतरा, भदवा और परसौना में भी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम करमेन्र्द्र कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव और थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल दोनों नमाज स्थलों पर तैनात किया गया था। पुलिस बल ने पैदल मार्च और वाहनों से लगातार गश्त कर सुरक्षा का कड़ा घेरा बनाए रखा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रवि अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और लोगों को ईद की बधाई दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्टि की कि नमाज के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। दोनों स्थानों पर नमाज पूरी शांति से संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संकल्प दोहराया।
शोहरतगढ़ में ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न:गड़ाकुल ईदगाह और जामा मस्जिद में अकीदतमंदों ने अदा की नमाज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












