बहराइच के फखरपुर स्थित सरसट बटोरा गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द ट्रांसफार्मर न बदलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिनों से बिजली न होने के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूबा है। भीषण गर्मी और उमस के चलते लोग रात भर जागने को मजबूर हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। इसके अलावा, पेयजल की भी गंभीर किल्लत हो गई है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दीपू भास्कर, किशोरी भास्कर, अशोक पाल, शोभाराम, सज्जाद और कृष्ण मुरारी ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत तत्काल संबंधित बिजली उपकेंद्र और विभागीय अधिकारियों को दी गई थी। इसके बावजूद पांच दिन बीत जाने के बाद भी विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की, तो वे फखरपुर पावर हाउस का घेराव करेंगे और सड़कों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। इस संबंध में, फखरपुर के अवर अभियंता पंचम लाल ने बताया कि उन्हें जानकारी मिल गई है और ट्रांसफार्मर जल्द ही बदला जाएगा।
फखरपुर के सरसट बटोरा में 5 दिन से बिजली गुल:ट्रांसफार्मर जलने से ग्रामीण आक्रोशित, विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












