मेरठ । उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में 12वीं की छात्रा खुशी उर्फ खुशबू की उसके ही पिता और सौतेली मां ने कथित तौर पर तकिये से मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जांच में सामने आया कि खुशी लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी। ननिहाल पक्ष और सोसाइटी के लोगों ने आरोप लगाया कि सौतेली मां पिंकी और पिता कपिल उसे घर में बंद कर छोड़ जाते थे। एक खिलौना कछुआ टूटने पर उसे बेरहमी से पीटा गया और तीन दिन तक खाना तक नहीं दिया गया। पड़ोसियों ने बताया कि खुशी अक्सर डरी-सहमी रहती थी, लेकिन सभी को मुस्कुराकर नमस्ते करती थी।
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खुशी ने अपनी मौसी और अन्य परिजनों को पहले ही जान का खतरा बताया था। एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में वह स्कूल बस से किसी का मोबाइल लेकर बात करते हुए अपनी परेशानी बता रही थी। उसने आरोप लगाया था कि घर वाले उस पर शादी का दबाव बना रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी तीन दिन से हत्या की साजिश रच रहे थे। घटना वाली रात कपिल नाइट ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचा और सोती हुई खुशी के मुंह पर तकिया रख दिया, जबकि सौतेली मां ने उसके पैर पकड़ लिए। मौत के बाद दोनों शव को कार में रखकर बृजघाट ले गए और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि खुशी की मां प्रीति की भी वर्ष 2017 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। वहीं पिंकी की सात माह की बेटी की भी दो साल पहले संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। परिवार ने मामले में अन्य परिजनों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तकिया बरामद कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।












