Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बालासराय में प्राचीन शिव मंदिर में महोत्सव संपन्न:नए शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा, विशाल...

बालासराय में प्राचीन शिव मंदिर में महोत्सव संपन्न:नए शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु


बहराइच के बालासराय स्थित अति प्राचीन शिव मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव संपन्न हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन नए शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा की गई और एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मान्यता है कि यह मंदिर सैकड़ों साल पुराना है और यहां विराजमान शिवलिंग को जागृत माना जाता है। इस महोत्सव की शुरुआत तीन दिन पहले कलश यात्रा और रुद्राभिषेक के साथ हुई थी। दूसरे दिन भगवान भोलेनाथ की शिवलिंग झांकी पूरे गांव में निकाली गई। ढोल-नगाड़े, शंख-घंटे और “बम बम भोले” के जयघोष के साथ निकली झांकी को देखने के लिए लोग घरों की छतों पर भी मौजूद थे। महोत्सव के अंतिम दिन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों द्वारा नए शिवलिंग की विधि-विधान से स्थापना की गई। जैसे ही शिवलिंग को दरबार में स्थापित किया गया, मंदिर परिसर “हर हर महादेव” के नारों से गूंज उठा। स्थानीय मान्यता के अनुसार, पुराने मंदिर में नई शिवलिंग की स्थापना से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति आती है। प्राण-प्रतिष्ठा के तुरंत बाद महाभंडारे का आयोजन किया गया। इसमें कढ़ी-चावल, हलवा, पूरी-सब्जी और खीर का प्रसाद वितरित किया गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और गांव के लोगों सहित हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने स्वेच्छा से प्रसाद वितरण में सहयोग किया। इस अवसर पर पूरे गांव को सजाया गया था, और मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों व फूलों से सजाया गया। गांव के बुजुर्गों के अनुसार, बालासराय में इतने बड़े स्तर का आयोजन कई सालों बाद हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments