श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र में शनिवार देर शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन अस्थायी रूप से बाधित हुआ। हालांकि, किसी बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद हुई इस अच्छी बारिश से सभी ने राहत की सांस ली है। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। इन दिनों किसान धान की नर्सरी तैयार करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे नर्सरी लगाने का काम आसान हो जाएगा। किसानों ने बताया कि यदि यह बारिश नहीं होती, तो उन्हें डीजल इंजन और पंपसेट के माध्यम से खेतों की सिंचाई करनी पड़ती, जिससे उनका अतिरिक्त खर्च बढ़ जाता। समय पर हुई इस बारिश से न केवल सिंचाई का खर्च बचेगा, बल्कि धान की फसल की तैयारी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह अनुकूल रहा, तो खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
श्रावस्ती में आंधी-बारिश से मिली राहत:गर्मी से पारा गिरा, किसानों के चेहरे खिले
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












