बहराइच के तहसील मिहींपुरवा क्षेत्र के मटियामोड़ मुख्य मार्ग पर पिछले कई दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वाले, बाइक सवार और अन्य वाहन चालक हर समय दुर्घटना की आशंका के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है, जो कई दिनों तक जमा रहता है। इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है। गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों को भी परेशानी हो रही है। राहगीरों पुनीत, पंकज, वहाब और सूरज ने बताया कि जलभराव के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर जाते हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में विशेष दिक्कतें आती हैं। रात के समय सड़क पर पानी भरा होने से दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मटियामोड़ मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। उन्होंने नालियों की सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
मटियामोड़ मुख्य मार्ग पर जलभराव से बढ़ी मुश्किलें:कई दिनों से गंदा पानी जमा, राहगीरों को दुर्घटना का डर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












