Homeजिला / लोकल (Local News)असद की मौत के बाद खोड़ा में हाई अलर्ट, सूर्या हत्याकांड को...

असद की मौत के बाद खोड़ा में हाई अलर्ट, सूर्या हत्याकांड को लेकर तनाव बरकरार


गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद की रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी असद ने गिरफ्तारी से बचने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद खोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद अपने कुछ साथियों से मिलने खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है और पैसे लेकर फरार होने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन और चेकिंग अभियान तेज कर दिया।रविवार सुबह वसुंधरा क्षेत्र में असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ के दौरान थाना खोड़ा में तैनात एक सिपाही भी घायल हुआ है। वहीं असद का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल और बाइक बरामद की है।

बकरीद के दिन हुई थी छात्र की हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक 28 मई को बकरीद के दिन 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच में सामने आया कि सूर्या और मुख्य आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों के बीच बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। बाद में आरोपी ने सूर्या को कुर्बानी दिखाने और ईद की पार्टी में आने का निमंत्रण दिया। आरोप है कि बुलाने के बाद उस पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।सूत्रों के अनुसार हमले में चाकू सूर्या के शरीर में गहराई तक धंसा था। पुलिस ने मामले को हत्या की धारा में दर्ज करते हुए आरोपी के पिता समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
अंतिम संस्कार से पहले घंटों चला हंगामा
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर जब सूर्या का शव उसके घर पहुंचा तो क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई और न्याय की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।करीब चार घंटे तक प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत का दौर चला। बाद में प्रशासन की ओर से सुरक्षा, आर्थिक सहायता और अन्य मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ।शाम को सूर्या का अंतिम संस्कार गाजीपुर श्मशान घाट पर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वायरल वीडियो और जांच,क्षेत्र में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग एक युवक को घेरते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि वीडियो वारदात के बाद का है और इसकी जांच की जा रही है।सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं और लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments