सिद्धार्थनगर के इटवा चौराहे पर रविवार देर शाम एक मिठाई की दुकान में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग के कारण चौराहे पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। यह घटना इटवा चौराहे पर स्थित गणेश मिष्ठान भंडार में हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। उनकी सूझबूझ और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने नगर पंचायत इटवा की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। दमकल वाहन का समय पर न पहुंचना चिंता का विषय रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती आबादी और बाजार के बावजूद अग्निशमन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव जनता की सुरक्षा के लिए खतरा है। घटनास्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता नादिर सलाम ने प्रशासन और नगर पंचायत इटवा से स्थायी अग्निशमन व्यवस्था, पर्याप्त सुरक्षा संसाधन और त्वरित आपदा प्रबंधन सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए यह आवश्यक है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आगजनी के कारणों का पता नहीं चल पाया था।
इटवा चौराहे पर मिठाई की दुकान में लगी आग:पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा नुकसान टला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












