श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के फुलवरिया शाहपुर गांव में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर नकदी, लाखों के जेवरात और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, फुलवरिया शाहपुर निवासी सुशीला देवी पत्नी अशोक कुमार रविवार रात भोजन के बाद परिवार के साथ घर की छत पर सो गई थीं। उनका 15 वर्षीय पुत्र केवल घर के अंदर सो रहा था। देर रात अज्ञात चोर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी चांदी की कमर पेटी, चार जोड़ी पायल, झुमकी, अंगूठी, सोने की कील, नथनी, 15 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए, तो उन्होंने बक्सा खुला पाया और उसमें रखा सारा सामान गायब था। चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने तत्काल हरदत्त नगर गिरन्ट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़िता सुशीला देवी ने हरदत्त नगर गिरन्ट थाने में तहरीर देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष महिमा नाथ उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
श्रावस्ती में घर से लाखों के जेवर-नकदी चोरी:पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












