लखनऊ। राजधानी में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना पीजीआई पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और लगातार चल रही मुकदमेबाजी से परेशान होकर प्रॉपर्टी कारोबारी ने सुपारी देकर संदीप सिंह की हत्या कराई थी।
पुलिस के मुताबिक 27 मई 2026 को पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पीजीआई पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
5 लाख रुपये में तय हुई थी हत्या की सुपारी
गिरफ्तार आरोपी मुकर्रबीन उर्फ मुबीन ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2016 से दिनेश कुमार यादव के यहां चालक का काम करता था। दिनेश यादव का संदीप सिंह के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। संदीप सिंह की ओर से लगातार शिकायतें और मुकदमे दर्ज कराए जा रहे थे, जिससे दिनेश यादव नाराज और परेशान था।
इसी दौरान दिनेश यादव ने संदीप सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मुबीन ने एक व्यक्ति के माध्यम से शूटरों से संपर्क किया और हत्या के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय किया गया। शूटरों के ठहरने, आने-जाने और संदीप सिंह की रेकी कराने की पूरी व्यवस्था मुबीन ने की।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर की गई रेकी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम देने के लिए सेकेंड हैंड अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी गई थी। मोटरसाइकिल पर असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई। इसी बाइक से कई दिनों तक संदीप सिंह की गतिविधियों की निगरानी की गई और फिर हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।
वारदात वाले दिन दोनों आरोपी खुद लखनऊ से बाहर चले गए ताकि संदेह उनसे दूर रहे। बाद में शूटरों ने फोन कर हत्या की सूचना दी।
मुख्य साजिशकर्ता समेत दो गिरफ्तार
संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता दिनेश कुमार यादव और उसके सहयोगी मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को डलौना अंडरपास क्षेत्र से पकड़ा गया।
कई आपराधिक मुकदमों में भी शामिल रहा है दिनेश यादव
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दिनेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी, कब्जेदारी और आपराधिक विश्वासघात समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह लखनऊ और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में कई मामलों में नामजद रहा है।
चार लग्जरी गाड़ियां और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लग्जरी वाहन, दो मोबाइल फोन, नकदी और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। बरामद वाहनों में फॉर्च्यूनर, मर्सिडीज, टाटा सफारी और रेनॉल्ट किगर शामिल हैं।












