श्रावस्ती पुलिस ने चोरी की एक घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और नगदी भी बरामद की है। यह कार्रवाई थाना हरदत्तनगर गिरण्ट पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक महिमानाथ उपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे संदिग्ध की पहचान हो सकी। जांच के दौरान शाहपुर अचरौरा निवासी इसाक अली उर्फ इसहाक की पहचान हुई। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इसाक ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी के जेवर नासिरगंज निवासी सुनार आलोक कुमार गुप्ता को बेचे थे। इसके बाद, पुलिस ने सुनार आलोक कुमार गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कुल 3500 रुपये नगद, एक अंगूठी, तीन जोड़ी पायल, दो जोड़ी चुटकी, एक झुमकी और एक माला बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भिनगा भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
श्रावस्ती पुलिस ने 24 घंटे में चोरी का खुलासा किया:दो शातिर अभियुक्त जेवर और नगदी सहित गिरफ्तार
Recent Comments
on Hello world!











