Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में चरित्र निर्माण शिविर लगाया गया:आत्मरक्षा से संस्कार तक का दिया...

बस्ती में चरित्र निर्माण शिविर लगाया गया:आत्मरक्षा से संस्कार तक का दिया जा रहा ज्ञान, 90 बच्चों ने लिया प्रशिक्षण

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में सनातन धर्म संस्था द्वारा आयोजित शारीरिक, बौद्धिक एवं चरित्र निर्माण शिविर के चौथे दिन लगभग 90 बच्चों ने भाग लिया। यह शिविर श्री दुर्गा मंदिर, दुबौली दूबे परिसर में चल रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों को शारीरिक दक्षता, बौद्धिक विकास और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। शिविर में बच्चों को सर्वांगसुंदर व्यायाम, भूमि नमस्कार, सूर्य नमस्कार, जूडो-कराटे, लाठी, तलवार, एयरगन से निशानेबाजी, सेल्फ डिफेंस, कमांडो प्रशिक्षण, रस्सी अभ्यास, पीटी और परेड का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने इस दौरान बच्चों में अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया। बौद्धिक सत्र में श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का अध्ययन और अभ्यास कराया गया। वक्ताओं ने बच्चों को राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, संस्कारों और महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। पंकज त्रिपाठी ने अभिवादन, शिष्टाचार और सामाजिक व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन और सदाचार की आवश्यकता पर बल दिया। शिविर में मुख्य व्यायाम शिक्षक विनय पंवार (बागपत) के नेतृत्व में पूजा अग्रहरि, मान्यता त्रिपाठी, आयुष यादव, शीतल राव, विधि, मानवी और अंकिता सहित अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान बच्चों को नशामुक्त जीवन अपनाने, मांसाहार और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रहने तथा सात्त्विक एवं पौष्टिक भोजन ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था के सदस्य अखिलेश दूबे ने अभिभावकों से अधिक बच्चों को शिविर से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह शिविर बच्चों को आत्मरक्षा के साथ-साथ संस्कारवान, जागरूक और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बनाने का माध्यम है। यह निःशुल्क शिविर 8 से 22 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए आयोजित किया गया है। यह 10 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6.30 बजे से 11 बजे तक संचालित होगा। शिविर में जलपान, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments