HomeHealth & Fitnessहिमाचल में देर रात भूकंप से हिली धरती, चंबा रहा केंद्र, दहशत...

हिमाचल में देर रात भूकंप से हिली धरती, चंबा रहा केंद्र, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

शिमला । हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार देर रात आए भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रात करीब 10:04 बजे प्रदेश के कई हिस्सों में धरती कांपने लगी, जिससे लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5 मापी गई, जबकि इसका केंद्र चंबा जिले में जमीन से महज 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। कम गहराई के कारण झटके अधिक तीव्रता से महसूस किए गए।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र चंबा जिले के 32.289 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.434 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। करीब तीन सेकेंड तक धरती कांपती रही। शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और आसपास के कई इलाकों में लोगों ने झटके महसूस किए। अचानक आए भूकंप के कारण लोग अपने घरों से निकलकर खुले स्थानों में पहुंच गए।

भूकंप के बाद चंबा जिले के कुछ क्षेत्रों से मामूली नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। होली क्षेत्र में कुछ मकानों में दरारें आने की सूचना मिली है। वहीं एक घर में दीवार पर लगा एलईडी टीवी और अन्य सामान गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। झटकों के बाद कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब रात करीब 11:03 बजे चंबा जिले में एक बार फिर भूकंप का झटका महसूस किया गया। हालांकि इसकी तीव्रता अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन पहले से डरे हुए लोगों की चिंता और बढ़ गई।

धर्मशाला और कांगड़ा क्षेत्र में भी भूकंप का असर देखने को मिला। कई होटल और गेस्ट हाउस में ठहरे पर्यटक झटके महसूस होते ही बाहर निकल आए। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय सहित होली, भरमौर और चुवाड़ी क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि जिले के विभिन्न हिस्सों में भूकंप दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है।

हिमाचल प्रदेश का चंबा जिला भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है और यहां पहले भी कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। हालांकि इस बार राहत की बात यह रही कि तेज झटकों के बावजूद किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments