मोहाली । पंजाब के मोहाली में एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी के कार्यालय में हुई सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। फेज-11 स्थित कंपनी के ऑफिस में एक युवक ने अपनी महिला सहकर्मी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि आरोपी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है, जो पटियाला की रहने वाली थी। वहीं आरोपी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी भी पटियाला का निवासी है। दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से एक ही कंपनी में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले अच्छे संबंध थे, लेकिन कुछ समय पहले बातचीत बंद हो गई थी। इसके बाद आरोपी लगातार युवती से संपर्क बनाने की कोशिश कर रहा था, जबकि वह उससे दूरी बनाए हुए थी।
पुलिस के अनुसार घटना वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। उस समय डिंपल अपने केबिन में काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती ने खुद को बचाने का प्रयास किया और कार्यालय में इधर-उधर भागी, लेकिन आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा। कर्मचारियों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उन्हें भी धमकाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज के अनुसार कुछ ही सेकंड के भीतर आरोपी ने युवती पर कई बार हमला किया। जब उसे लगा कि डिंपल की मौत हो चुकी है, तब उसने उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया।घटना के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद डिंपल का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव को पटियाला ले गया। वहीं मृतका के परिजनों ने किसी भी प्रेम संबंध की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि डिंपल परिवार के साथ हर बात साझा करती थी और उसने कभी ऐसी किसी बात का जिक्र नहीं किया था। हालांकि वह कुछ समय से नौकरी छोड़ने की इच्छा जरूर जता रही थी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जाएगी। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।यह घटना एक बार फिर कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और अस्वीकृति को स्वीकार न कर पाने की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ऑफिस बना कत्लगाह! 35 सेकेंड में युवती पर ताबड़तोड़ हमला, सहकर्मी ने चाकू से उतारा मौत के घाट
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












