श्रावस्ती में बीते बृहस्पतिवार रात्रि एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल राजमिस्त्री श्याम मनोहर (40) की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार रात पेटहारिया पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद से वाहन चालक फरार है। राजगढ़ गुलरिया निवासी श्याम मनोहर पुत्र राम पदारथ गुरुवार रात दवा लेने इकौना आए थे। वापस लौटते समय पेटहारिया पुल के पास लघुशंका के लिए सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय कटरा की ओर से इकौना जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस ने घायल श्याम मनोहर को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया था।
शनिवार शाम परिजन उन्हें घर ले आए, जहां रविवार को उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है। वहीं रविवार शाम शव घर पहुंचने के बाद परिवार ने उनका नम आँखों से अंतिम संस्कार कर दिया। श्याम मनोहर राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पास लगभग तीन बीघा कृषि भूमि भी है। वह चार बेटों और एक बेटी के पिता थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है। उनका 16 वर्षीय बड़ा बेटा रवि प्रदेश में मजदूरी करता है, जबकि तीन छोटे बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे की खबर मिलने पर रवि रविवार को घर पहुंचा। पिता की मौत के बाद अब परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी बड़े बेटे रवि के कंधों पर आ गई है।वहीं परिजनों में मातम पसरा हुआ है, फिलहाल अभी तक आरोपी वाहन चालक का पुलिस पता नहीं लगा पाई है।
सड़क हादसे में घायल राजमिस्त्री की मौत:श्रावस्ती में टक्कर मारकर चालक हो गया था फरार, बड़े बेटे पर परिवार की जिम्मेदारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












