- नारेबाजी और पोस्टर के साथ सांसदों का प्रदर्शन, अमित शाह से मांगा जवाब
नई दिल्ली। नीट प्रश्नपत्र मामले में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित बल प्रयोग और पुलिस कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री अमित शाह के संसद में बयान की मांग करते हुए विपक्षी सांसदों ने सोमवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसदों ने नारेबाजी की और हाथों में बड़ा पोस्टर लेकर अमित शाह से जवाब देने की मांग की। प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव समेत विपक्ष के कई नेता शामिल हुए।
प्रदर्शन कर रहे सांसदों के हाथों में मौजूद पोस्टरों पर लिखा था, ‘अमित शाह जवाब दो।’ संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक गृहमंत्री शाह संसद में बयान नहीं देंगे, तब तक गतिरोध जारी रहेगा।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष का रुख इस मुद्दे पर बिल्कुल स्पष्ट है। सबसे पहले गृहमंत्री को संसद में आकर दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादती पर बयान देना चाहिए। इस मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान के बिना विपक्ष आगे की कार्यवाही की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक, परिसीमन विधेयक और विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक से जुड़े मुद्दों पर भी विपक्ष का रुख स्पष्ट है, लेकिन छात्रों के मुद्दे पर गृहमंत्री का संसद में बयान उनकी प्रमुख मांग है।
कांग्रेस सांसद क्रिस्टोफर तिलक ने आरोप लगाया कि पिछले तीन सप्ताह से प्रधानमंत्री व गृहमंत्री सदन में नहीं आए। इससे संसद के प्रति उनकी जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े होते हैं। पिछले दो-तीन दिनों में सरकार परिसीमन विधेयक और एफसीआरए विधेयक जैसे विधेयकों को पारित कराने की कोशिश कर रही है।










