सिद्धार्थनगर जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने जिले में तैनात सात चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया है। इनमें छह डॉक्टरों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है, जबकि एक महिला चिकित्सक का जिले के भीतर ही समायोजन किया गया है। स्थानांतरण सूची में खेसरहा और बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक भी शामिल हैं। महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश द्वारा जारी सूची के अनुसार, सीएमओ कार्यालय के अधीन कार्यरत डॉ. रक्शा मुमताज का समायोजन बांसी स्थित 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में किया गया है। जिला अस्पताल में तैनात कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अरुण कुमार पांडेय का स्थानांतरण गोरखपुर जनपद कर दिया गया है। खेसरहा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय को बलरामपुर भेजा गया है। शोहरतगढ़ सीएचसी में तैनात पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. अभय कुमार भारती और डॉ. प्रिंस विश्वास को भी गोरखपुर जनपद स्थानांतरित किया गया है। एक अन्य सूची के अनुसार, डुमरियागंज पीएचसी पर तैनात डॉ. बृजेश कुमार सिंह को प्रथम रेफरल यूनिट (एफआरयू) हर्रैया, जनपद बस्ती भेजा गया है। वहीं, बसंतपुर (बांसी) सीएचसी के अधीक्षक का स्थानांतरण एफआरयू जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर कर दिया गया है। स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद संबंधित चिकित्सकों ने कार्यमुक्त होने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु रखने के लिए नए प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सिद्धार्थनगर में सात डॉक्टरों का तबादला:खेसरहा और बसंतपुर सीएचसी के अधीक्षक भी शामिल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











