तृणमूल कांग्रेस में टूट की पु्ष्टि अब काकोली घोष दस्तीदार ने कर दी है। कुछ दिन पहले ही लोकसभा में TMC के चीफ व्हिप के पद से हटाई गईं काकोली घोष ने सोमवार को न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में कहा है कि लगभग 20 सांसद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थन में हैं। आज ही TMC के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे ने राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। चर्चा है कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों में TMC के सांसद बड़ी संख्या में टूट रहे हैं और वे सत्ता पक्ष के साथ जा रहे हैं। चर्चा है कि राज्यसभा के सांसद इस्तीफा देंगे और लोकसभा के सांसद ठीक उसी तरह बीजेपी के साथ चले जाएंगे जैसे आम आदमी पार्टी (AAP) के 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए।
PTI से बातचीत में काकोली घोष दस्तीदार ने कहा है कि लगभग 20 टीएमसी सांसदों ने बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए का समर्थन करने का फैसला किया है, जिसमें वह (काकोली घोष) भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया है कि इन सांसदों ने इसके संबंध में लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को एक चिट्ठी भी लिखी है और एनडीए में शामिल किए जाने की जानकारी दी है। काकोली का कहना है कि सभी सांसदों ने बंगाल के चुनाव नतीजों को स्वीकार किया है और उनका मानना है कि उनकी भविष्य की राजनीति एनडीए के साथ होनी चाहिए।
संसद में भी टूट गई टीएमसी?
सोमवार को ही सुखेंदु शेखर ने पार्टी और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। तीसरी बार के राज्यसभा सांसद सुखेंदु राज्यसभा में टीएमसी के चीफ व्हिप थे। कहा जा रहा है कि उनके इस्तीफे के बाद कम से कम 5 राज्यसभा सांसद सुखेंदु से मिलने पहुंचे जबकि टीएमसी के कुल राज्यसभा सांसदों की संख्या 13 है। इतना ही नहीं, यह भी कहा गया है कि बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव के घर पर टीएमसी के कम से कम 14 सांसद एक मीटिंग में पहुंचे और इस मीटिंग में बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: INDIA गठबंधन की मीटिंग में गईं ममता, इधर TMC के राज्यसभा सांसद ने दिया इस्तीफा
इसी के बाद से दिल्ली से लेकर बंगाल तक खलबली मची हुई है। उधर पश्चिम बंगाल में टीएमसी के विधायक दल में बड़ी टूट के अगुवा ऋतब्रत बनर्जी ने कहा है कि कई और सांसद ऐसे हैं जो टीएमसी नेतृत्व से नाराज हैं। हालांकि, अभी तक सिर्फ सुखेंदु अधिकारी ही ऐसे हैं जिन्होंने इस्तीफा दिया है।
संडे वाली मीटिंग और एक फोटो
सूत्रों के मुताबिक, रविवार देर रात दिल्ली में एक अज्ञात स्थान पर करीब 20 सांसद एक अनौपचारिक बैठक में शामिल हुए। बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले सूत्रों के अनुसार, सांसदों ने भविष्य की संभावित रणनीतियों पर चर्चा की और पार्टी की मौजूदा संसदीय नेतृत्व संरचना पर अपनी नाराजगी जताई। इससे पहले, तृणमूल के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने बड़े पैमाने पर पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, ‘मैंने सुना है कि कुछ सांसदों ने कल रात अलग बैठक की। बैठक में क्या हुआ, यह वही बता सकते हैं। उन लोगों ने मुझसे कोई संपर्क नहीं किया।
यह भी पढ़ें: BJP का प्रदर्शन या राहत की बौछारें? वॉटर कैनन का ‘विजुअल’ कनेक्शन ढूंढ लाई AAP
सोमवार को सोशल मीडिया पर बैठक की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें तृणमूल के कई लोकसभा सदस्य एक मेज के इर्द-गिर्द बैठे दिख रहे हैं। हालांकि ‘पीटीआई-भाषा’ इस तस्वीर की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। सूत्रों का दावा है कि तस्वीर में दिख रहे लोगों से कहीं अधिक, करीब 20 सांसद इस बैठक में शामिल थे। बैठक के दौरान उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब एक सांसद ने बिना बताए बैठक की तस्वीरें खींच लीं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शामिल कुछ सांसदों ने बिना सहमति के तस्वीरें लेने पर आपत्ति जताई और इसे लेकर वहां मौजूद लोगों के बीच थोड़ी नोकझोंक भी हुई। बाद में ये तस्वीरें राजनीतिक गलियारों में फैल गईं, जिससे बगावत के दायरे और गंभीरता को लेकर अटकलों को और हवा मिल गई।












