बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र में संजय सेतु के पास गुरुवार को बाढ़ आपदा बचाव मॉक ड्रिल के दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई। अभ्यास के बीच एक महिला ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी, जिसे मौके पर मौजूद राहत-बचाव दल और गोताखोरों ने तत्परता से बचा लिया। घटना गुरुवार दोपहर को हुई, जब प्रशासन द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारियों के तहत घाघरा नदी में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा था। जरवल रोड थाना क्षेत्र के ग्राम उपधी निवासी आमिर की 30 वर्षीय पत्नी हिना ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में कूदता देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। मॉक ड्रिल के लिए नदी में पहले से ही नावें, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ गोताखोर और राहत-बचाव दल तैनात थे। टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और नदी के तेज बहाव के बावजूद महिला को डूबने से पहले सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद, मौके पर मौजूद चिकित्सकों की टीम ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। उसे एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों के प्रयासों से महिला को होश आया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। सूचना मिलते ही जरवल रोड थाना प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और महिला के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया था। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मॉक ड्रिल के दौरान महिला ने नदी में लगाई छलांग:राहत दल ने बचाई जान, पारिवारिक विवाद के बाद उठाया कदम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












